एनटीएलएफ (Nasscom Technology and Leadership Forum) के 29वें एडिशन का आयोजन 17-19 फरवरी को किया जाएगा. पहली बार इस सम्मेलन का ऑनलाइन आयोजन किया जा रहा है.
आईटी इंडस्ट्री बॉडी नैसकॉम (NASSCOM) ने शुक्रवार को कहा कि इस साल उसके एनटीएलएफ (NTLF) वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) करेंगे. यह सम्मेलन कोविड-19 महामारी के बाद डिजिटल भविष्य और जिम्मेदार तकनीक के महत्व पर केंद्रित होगा.
पहली बार सम्मेलन का ऑनलाइन आयोजन
एनटीएलएफ (Nasscom Technology and Leadership Forum) के 29वें एडिशन का आयोजन 17-19 फरवरी को किया जाएगा. पहली बार इस सम्मेलन का ऑनलाइन आयोजन किया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल मंच के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे.
कारोबार में टेक्नोलॉजी का बढ़ा महत्व
नैसकॉम की वरिष्ठ उपाध्यक्ष और मुख्य रणनीति अधिकारी संगीता गुप्ता ने बताया कि महामारी के चलते 2020 उद्योगों और क्षेत्रों के लिए एक बुरा साल रहा. उन्होंने कहा, ”हालांकि, इस कारण कारोबार में टेक्नोलॉजी का महत्व अभूतपूर्व रूप से बढ़ा. डिजिटल तकनीकों को तेजी से अपनाया जा रहा है और इस नई सामान्य स्थिति में हम कैसे काम करते हैं, कैसे संवाद करते हैं, इसमें टेक्नोलॉजी की महत्वपूर्ण भूमिका है.”
गुप्ता ने कहा कि इस बदलाव के चलते संगठन विश्वास और नैतिकता, गोपनीयता, संस्कृति, काम के भविष्य और जिम्मेदारी के साथ उपयोग जैसे पहलुओं पर फिर से विचार कर रहे हैं.
16 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान
तीन दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में अरविंद कृष्ण (आईबीएम के अध्यक्ष और सीईओ), चक रॉबिंस (सिस्को के अध्यक्ष और सीईओ), एरिक एस युआन (जूम के संस्थापक और सीईओ), जूली स्वीट (एक्सेंचर सीईओ) और स्टीव ब्राउन (फ्यूचरिस्ट, लेखक और वक्ता) जैसी दिग्गज हस्तियां शामिल होंगी. इस कार्यक्रम के 50 से अधिक सत्रों में 16 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान है.






