चरखी दादरी. इंसान में अगर जज्बा और हौंसला बुलंद हो तो वह कुछ भी हासिल कर सकता है, चाहे उम्र कुछ भी हो. इस बात को चरखी दादरी के गांव कादमा निवासी 105 वर्षीय रामबाई ने साबित कर दिखाया है. यहां रामबाई की फिटनेस देख लोगों का भी पसीना छूटा है. जिन्होंने पिछले दिनों गुजरात के वडोदरा में हुई राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़ में नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया है.
राष्ट्रीय ओपन मास्टर्स एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में वह इस उम्र में भी इतनी तेजी से दौड़ीं कि 100 मीटर की रेस 45.40 सेकंड में पूरी करते हुए मान कौर का रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया रिकार्ड बनाया है. उम्र की दहलीज भी उनकी प्रतिभा को नहीं रोक पाई और अनेकों राष्ट्रीय स्पर्धाओं में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदकों का ढेर लगा लिया है. सीएम मनोहर लाल ने रामबाई के रिकॉर्ड बनाने व जीत पर बधाई दी है.






