असम में बाढ़ ने इन दिनों कहर बरपा रखा है. आपदा राहत और पुलिस दल लोगों के बचाव कार्य में मुस्तैदी से जुटे हुए हैं. ऐसे ही एक बचाव अभियान के दौरान रविवार देर रात एक हादसा हो गया. नगांव जिले में बाढ़ में फंसे लोगों की मदद करने के लिए गए एक पुलिस थाने के प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मी पानी के तेज बहाव में बह गए. सोमवार को उनके शव बरामद किए गए.
असम के विशेष पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने बताया कि कामपुर पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी सैम्युजल काकोती रविवार देर रात बाढ़ के बारे में सूचना मिलने के बाद चार पुलिसकर्मियों को लेकर नाव से पचोनिजार मधुपुर गांव पहुंचे थे. इसी दौरान पुलिसकर्मी के बाढ़ के पानी से उफनती नदी में गिर गए और तेज बहाव में बह गए. दो पुलिसकर्मियों को तो बचा लिया गया, लेकिन बाकी दो का पता नहीं लग पाया. एसडीआरएफ कर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद दो शव बरामद किए. थाना प्रभारी काकोती का शव कई घंटों की तलाश के बाद सोमवार तड़के निकाला गया. दूसरे मृत पुलिसकर्मी की पहचान राजीव बोरदोलोई के रूप में हुई है.






