भारतीय सर्राफा बाजार में आज यानी 9 जून 2021 को सोने के भाव (Gold Price Today) में गिरावट दर्ज की गई. वहीं, चांदी की कीमत (Silver Price Today) में भी आज ठीकठाक कमी आई है. फिर भी चांदी 70,000 रुपये प्रति किग्रा के ऊपर बरकरार रही. पिछले कारोबारी सत्र के दौरान दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 48,516 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं, चांदी 70,595 रुपये प्रति किग्रा पर बंद हुई थी. भारतीय सर्राफा बाजारों के उलट अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के दाम बढ़ गए, जबकि चांदी में खास बदलाव नहीं हुआ.
सोने का नया भाव (Gold Price, 9 June 2021) – दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने के भाव में 92 रुपये प्रति 10
ग्राम की मामूली गिरावट दर्ज की गई. राजधानी दिल्ली (Delhi) में 99.9 ग्राम शुद्धता वाले सोने का नया भाव अब 48,424 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है. इससे पहले कारोबारी सत्र में सोना 48,516 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत बढ़कर 1,893 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई.
चांदी की नई कीमत (Silver Price, 9 June 2021) – चांदी की कीमत में भी आज गिरावट का रुख रहा. दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को चांदी के दाम 414 रुपये की ठीकठाक गिरावट के बाद भी 70 हजार रुपये प्रति किग्रा के पार बरकरार रहे. दिल्ली सर्राफा बाजार में आज चांदी 70,181 रुपये प्रति किग्रा पर बंद हुई. इससे पहले कारोबारी सत्र में चांदी 70,595 रुपये प्रति किग्रा पर बंद हुई थी. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी के दाम में खास बदलाव नहीं हुआ और ये 27.65 डॉलर प्रति औंस पर रही.
क्यों आई गोल्ड में गिरावट – एचडीएफसी सिक्योरिटीज (HDFC Securities) के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा कि सोने का भाव डॉलर में जारी उठापटक के कारण मामूली तौर पर ऊपर-नीचे हो रहे हैं. वहीं, निवेशकों को अमेरिका के मंहगाई के आंकड़ों का भी इंतजार है. मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेस के उपाध्यक्ष (कमोडिटी रिसर्च) नवनीत दमानी ने कहा कि इस सप्ताह के आखिर में यूरिोपीयन सेंट्रल बैंक की नीतिगत बैठक है. निवेशक इससे निकलने वाले नतीजों का भी इंतजार कर रहे हैं. ऐसे में वे सोने में बड़ा दांव नहीं लगा रहे हैं.






