रिजर्व बैंक की ओर से आम लोगों को फरवरी में एक और अच्छी खबर मिल सकती है। एक रिपोर्ट के मुताबिक रिजर्व बैंक फरवरी में ब्याज दरों में कटौती कर सकता है।
आरबीआई ब्याज दर में कटौती
नई दिल्ली: भारतीय रिजर्व बैंक ( RBI ) फरवरी में होने वाली अपनी मौद्रिक नीति बैठक में रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट्स (bps) की कटौती कर सकता है। इससे बेंचमार्क रेट घटकर 5% हो जाएगा। यह जानकारी यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में सामने आई है। रिजर्व बैंक की अगली मौद्रिक नीति समिति की बैठक 4, 5 और 6 फरवरी 2026 को निर्धारित है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि केंद्रीय बैंक के नरम रुख को देखते हुए फरवरी या अप्रैल 2026 में 25 bps की एक और दर कटौती की गुंजाइश है। रिपोर्ट में इस बात पर जोर दिया गया है कि RBI ने महंगाई के स्थिर रहने और कीमतों पर दबाव कम होने का कई बार जिक्र किया है। रिपोर्ट के अनुसार, अगर सोने की वजह से लगभग 50 bps महंगाई के असर को हटा दिया जाए, तो महंगाई का दबाव और भी कम दिखाई देता है.
क्या कहा गया है रिपोर्ट में?
रिपोर्ट में कहा गया है, ‘हमें फरवरी या अप्रैल 2026 में 25 bps की अंतिम दर कटौती की गुंजाइश दिखती है। केंद्रीय बैंक के नरम नीतिगत रुख को देखते हुए हम फरवरी 2026 की बैठक में 5% रेपो रेट तक अंतिम 25 bps दर कटौती की संभावना को खारिज नहीं कर सकते, भले ही अंतिम दर कटौती का समय बताना मुश्किल होता है।’
हालांकि, रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि अंतिम दर कटौती का समय अभी अनिश्चित है। एक महत्वपूर्ण कारक फरवरी 2026 में आने वाले उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) और सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के आधार वर्षों का संशोधन है। इस संदर्भ में मौद्रिक नीति समिति (MPC) संशोधित डेटा उपलब्ध होने के बाद महंगाई और विकास के रुझानों का फिर से आकलन करने के लिए ‘प्रतीक्षा करो और देखो’ की रणनीति अपना सकती है।






