नीति आयोग के फ्रंटियर टेक हब ने भारत को एक अग्रणी क्वांटम-संचालित अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने के लिए एक रोडमैप जारी किया है, जिसमें अनुसंधान एवं विकास में तेजी लाने, प्रतिभा विकसित करने, व्यावसायीकरण को बढ़ाने और सुरक्षित क्वांटम बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की रणनीतियों की रूपरेखा दी गई है।
रोडमैप में स्वास्थ्य सेवा, वित्त, लॉजिस्टिक्स, ऊर्जा, राष्ट्रीय सुरक्षा और उन्नत कंप्यूटिंग में क्वांटम प्रौद्योगिकियों के बढ़ते वैश्विक महत्व पर प्रकाश डाला गया, तथा भविष्य में एआई, जैव प्रौद्योगिकी और सुरक्षित संचार प्रणालियों के लिए आधार के रूप में उनकी भूमिका पर ध्यान दिलाया गया।
इस रोडमैप को कल शाम हैदराबाद स्थित अंतर्राष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी-एच) में तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, राज्य के आईटी मंत्री डी. श्रीधर बाबू, नीति आयोग के सदस्य डॉ. वी.के. सारस्वत, इसके सीईओ बी.वी.आर. सुब्रह्मण्यम और अन्य हितधारकों की उपस्थिति में लॉन्च किया गया।
रोडमैप लॉन्च करने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए, नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीवी सुब्रह्मण्यम ने 2025 तक भारत को शीर्ष तीन क्वांटम अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने के लिए ठोस प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हैदराबाद में देश का क्वांटम शहर बनने के लिए सभी सामग्रियां मौजूद हैं और राज्य की क्वांटम नीति राष्ट्रीय रणनीति के अनुरूप है।NH






