प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को एक महत्वपूर्ण सौगात दी है। जी हां, प्रधानमंत्री ने क्रेडिट-लिंक्ड सरकारी योजनाओं के लिए ‘जन समर्थ पोर्टल’ लॉन्च किया है। यह पोर्टल अलग-अलग योजनाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराएगा। यह सरकारी क्रेडिट योजनाओं को एक साथ पेश करने वाला डिजिटल पोर्टल है। यह अपने आप में पहला ऐसा पोर्टल होगा जो लोन लेने के इच्छुक लोगों को ऋणदाताओं से जोड़ेगा। पीएम ने वित्त मंत्रालय और कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय के आइकॉनिक वीक समारोह का उद्घाटन किया। मंत्रालय छह से 11 जून तक आजादी का अमृत महोत्सव के तहत यह समारोह आयोजित कर रहा है। जन समर्थ पोर्टल का मुख्य उद्देश्य सभी योजनाओं को एक मंच पर लाकर उसका लाभ नागरिकों को देना है। इसके साथ ही सभी योजनाओं की पहुंच को डिजिटल माध्यमों से और आसान एवं सरल बनाना है। यह पोर्टल सभी लिंक्ड योजनाओं की कवरेज सुनिश्चित करता है। केंद्र सरकार की 4 लोन श्रेणियों में 13 योजनाएं जन समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध होंगी। खास बात यह है कि 125 से ज्यादा कर्जदाता इस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।






