Home छत्तीसगढ़ प्रदेश के सभी जिलों में जनभागीदारी से बनेंगे ऑक्सीजोन: डॉ. रमन सिंह

प्रदेश के सभी जिलों में जनभागीदारी से बनेंगे ऑक्सीजोन: डॉ. रमन सिंह

290
0

रायपुर, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राज्य के सभी जिलों में पर्यावरण की स्वच्छता, शुद्धता और सुरक्षा के लिए जनभागीदारी से ऑक्सीजोन विकसित करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने आज दोपहर नया रायपुर के ग्राम थनौद में हरियर छत्तीसगढ़ योजना के तहत प्रदेश व्यापी वृक्षारोपण महा अभियान का शुभारंभ करते हुए वन महोत्सव में यह घोषणा की। प्रदेश के नागरिक अगर अपने पास उपलब्ध भूमि में से तीन से पांच एकड़ तक जमीन पर ऑक्सीजोन बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए वन विभाग में अपना पंजीयन करवा सकते हैं। इसी तरह अगर कोई नागरिक स्वयं की दस एकड़ जमीन में से एक एकड़ में वृक्षारोपण करना चाहे, तो इसके लिए भी सरकार उसे पौधे उपलब्ध कराएगी। उन्होंने वृक्षारोपण कार्यक्रम में सभी लोगों से जुड़ने की अपील की है। समारोह में उन्होंने कहा कि जब तक पृथ्वी पर वृक्ष हैं, तब तक जीवन है। प्रकृति ने पेड़-पौधों को मानव जीवन के हिसाब से बनाया है। पेड़ लगाने वालों को लोग पीढ़ियों तक याद रखते हैं। उन्होंने कहा-वृक्षों से हमें जीवन रक्षक शुद्ध ऑक्सीजन मिलता है, छाया मिलती है और तरह-तरह के पौष्टिक फल भी मिलते हैं, इसलिए जो वृक्षों की रक्षा करता है, वृक्ष उसकी रक्षा करता है। डॉ. सिंह ने कहा- आज पूरी दुनिया में पर्यावरण को लेकर चिन्ता व्यक्त की जा रही है। अधिक से अधिक पेड़ लगाकर और वनों की रक्षा करके हम पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ में लगभग 42 प्रतिशत जंगल हैं। राज्य को और भी अधिक हरा-भरा बनाने की जरूरत है। डॉ. सिंह ने इसके लिए हरियर छत्तीसगढ़ वृक्षारोपण महा अभियान में सभी लोगों से जुड़ने का आव्हान किया। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि आज थनौद में आयोजित वृक्षारोपण समारोह में काफी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं सहित आम जनता ने भी उत्साह के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। श्री सिंह ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश भर में आज 8.02 करोड़ पौधे लगाने का जो अभियान शुरू हुआ है, वह वन महोत्सव के रूप में अगले माह अगस्त में भी जारी रहेगा। सबके सहयोग से पौधे लगाए जाएंगे। कौन से जिले में कितने पौधे लगाए गए हैं, उसकी जानकारी वेबसाईट पर भी प्रदर्शित की जाएगी। डॉ. सिंह ने सभी लोगों से लगाए गए पौधों की बेहतर देखभाल करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि नया रायपुर लगभग 32 प्रतिशत हरित क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। इसमें विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here