दिल्ली-एनसीआर में रोजाना मेट्रो से सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है. सुरक्षा कारणों और संभावित विरोध प्रदर्शनों (जैसे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन) के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) को राजधानी के 57 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद करने का सुझाव दिया है. 10 अक्टूबर को लेकर आए इस प्रशासनिक फैसले और सुरक्षा एडवाइजरी के बाद अब डीएमआरसी ने कुछ मेट्रो स्टेशनों की आवाजाही रोक दी है. जिसकी वजह से अब सोशल मीडिया पर लोगों का रिएक्शन सामने आ रहा है. जो जमकर वायरल हो रहा है.
किन लाइनों और स्टेशनों पर पड़ेगा असर?
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को एकत्र होने से रोकने के लिए पुलिस द्वारा भेजी गई सूची में रेड, येलो, ब्लू, वायलेट, पिंक और मजेंटा लाइन के कई महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल हैं. इनमें राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक, नई दिल्ली, मंडी हाउस, आईटीओ, कश्मीरी गेट और विश्वविद्यालय जैसे बेहद व्यस्त मेट्रो स्टेशन शामिल हैं. हालांकि, डीएमआरसी की ओर से राहत की बात यह है कि यात्रियों के लिए इंटरचेंज की सुविधा (नई दिल्ली स्टेशन को छोड़कर) मुख्य रूप से उपलब्ध रहेगी, लेकिन संबंधित स्टेशनों से बाहर निकलने या अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी.
सोशल मीडिया पर रिएक्शन वायरल
इस खबर के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर आम जनता का गुस्सा और चिंता खुलकर सामने आ रही है. दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों से लेकर छात्रों तक, हर कोई अपनी परेशानी जाहिर कर रहा है. ऐसे में एक यूजर ने गुस्से में कहा जब मर्जी हो बंद कर दो, मजाक बना रखा है, तो वहीं दूसरे ने कहा “Common people always suffer” यानी हर बार आम आदमी ही पिसता है. तो वहीं तीसरे ने कहा अब मैं ऑफिस कैसे जाऊंगी, मेट्रो क्यों बंद कर दी. कुछ लोगों ने फनी कमेंट भी किए हैं. कुछ ने हंसने और हैरान होने वाले इमोजी शेयर करते हुए वाह रे लिखकर अपने रिएक्शन दिए हैं.



