Home देश आ गई सर्दी, कल एटा से लेकर इटावा तक गिरे ओले, आज...

आ गई सर्दी, कल एटा से लेकर इटावा तक गिरे ओले, आज 30 में रौद्र रूप दिखाएगा मौसम

4
0
9 अक्टूबर की रात से ही मौसम में बदलाव हो गया. एटा में इतने बड़े बड़े ओले गिरे कि लोग भी हैरान रह गए. वहीं बारिश की वजह से मौसम में बदलाव हो गया. सुबह से ही ठंड का अहसास हो रहा. वहीं, अगर मौसम विभाग की माने तो आज बरेली, संभल, मुजफ्फरनगर, मेरठ सहित 30 जगहों पर भारी बारिश और तेज हवा का येलो अलर्ट जारी किया गया है. अगर आप भी घर से बाहर निकलने वाले हैं तो अपने शहर का मौसम जरूर जान लें.

यहां बरसेंगे मेघ

शामली, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, सहारनपुर, मेरठ, बिजनौर, बरेली, बदायूं, मुरादाबाद, खेरी, संभल, गोरखपुर, सीतापुर, बहराइच, गोंडा और बस्ती सहित 30 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. आईएमडी ने येलो अलर्ट जारी किया है.

10 जिलों में हल्की बारिश

जम्मू-कश्मीर के आसपास बन रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी यूपी के 10 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा हो सकती है, लेकिन लखनऊ और आसपास के अलावा पूर्वी यूपी में आसमान साफ रहने के पूर्वानुमान हैं. मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का दौर थमने के बाद प्रदेश के तापमान में दो-तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है.
लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, शनिवार से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी. हालांकि दक्षिणी जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है.

लखनऊ में लगातार बाढ़ से मुसीबत

लखनऊ में लगातार 12वें दिन गोमती नदी का जलस्तर बढ़ रहा है. वीआईपी इलाकों की सड़कें डूब गई हैं. फैजुल्लागंज की गलियों में लोगों के गले तक पानी भरा है. 40 हजार से ज्यादा घर आधे से अधिक डूबे हैं. सड़कों पर नावें चल रही हैं. 3 लाख से ज्यादा की आबादी प्रभावित है. रिवर फ्रंट को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है. इधर, गोंडा जिले में एक बार फिर से घाघरा नदी का जलस्तर काफी तेज गति से बढ़ना शुरू हो गया है. एल्गिन ब्रिज पर जलस्तर खतरे के निशान से मात्र 64 सेंटीमीटर नीचे है. लगभग 8 गांव की 7000 की आबादी आंशिक रूप से गोंडा में बाढ़ से प्रभावित है.