Home News सेल में पहली बार ब्लूम कास्टर टंडिश का पूर्णतः इन-हाउस निर्माण; स्टील...

सेल में पहली बार ब्लूम कास्टर टंडिश का पूर्णतः इन-हाउस निर्माण; स्टील स्ट्रक्चरल शॉप में आयोजित समारोह में कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) ने भिलाई इस्पात संयंत्र को किया समर्पित

20
0

भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील स्ट्रक्चरल शॉप ने ब्लूम कास्टर हेतु 13.2 टन वजन के टंडिश का सफलतापूर्वक निर्माण कर एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर स्थापित किया है। यह सेल में पहली बार है कि इस प्रकार का महत्वपूर्ण एवं उच्च-मूल्य स्टील मेल्टिंग शॉप (एसएमएस) उपकरण पूर्णतः इन-हाउस संसाधनों, विशेषज्ञता एवं नियोजित निष्पादन के माध्यम से निर्मित किया गया है।

इस टंडिश का अनुमानित बाज़ार मूल्य लगभग ₹42 लाख है, जबकि इसके इन-हाउस निर्माण से पर्याप्त वित्तीय बचत सुनिश्चित हुई है। साथ ही सामान्यतः 6–8 माह की बाह्य खरीद लीड-टाइम को घटाकर मात्र दो माह में निर्माण पूर्ण किया गया, जो आंतरिक योजना, निर्माण क्षमता तथा निष्पादन नियंत्रण में सुदृढ़ीकरण को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।

इस उपलब्धि के अवसर पर स्टील स्ट्रक्चरल शॉप में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार ने टंडिश को भिलाई इस्पात संयंत्र को समर्पित किया। शॉप-फ्लोर अवलोकन के दौरान उन्होंने इस नए, गैर-रूटीन एवं रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कार्य के संरचित निष्पादन की सराहना की। उन्होंने सुरक्षित कार्य पद्धतियों के सतत अनुपालन पर बल देते हुए 360-डिग्री ऑब्ज़र्वेशन दृष्टिकोण को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिसमें नियमित कर्मचारी, संविदा पर्यवेक्षक, अभियंता एवं कार्यपालक वर्ग की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित हो।

कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (मेंटेनेंस एवं यूटिलिटीज़) श्री बी. के. बेहरा, मुख्य महाप्रबंधक (शॉप्स) श्री एच. के. सचदेव, मुख्य महाप्रबंधक (यूटिलिटीज़) श्री जे. पी. सिंह, मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-3) श्री त्रिभुवन बैठा, उप महाप्रबंधक (ईडी-वर्क्स, सचिवालय) श्री वेद प्रकाश तिवारी, महाप्रबंधक (सीपीडी) श्री राजीव सोनटके तथा महाप्रबंधक (एफपीएस) श्री के. के. ठाकुर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here